Makar Sankranti 2024: मकर संक्रांति कब मनाई जाएगी

Makar Sankranti 2024: मकर संक्रांति कब मनाई जाएगी ?

इस बार मकर संक्रांति (Makar Sankranti 2024) पन्द्रह जनवरी को मनाई जाएगी।

लेकिन अगले वर्ष 2025, 2026 में 14 जनवरी को ही एवं उससे आगे 2027, 2028 को फिर 15 जनवरी को Makar Sankranti मनाई जाएगी।

लोगों की सुविधा हेतु मकर संक्रांति से संबन्धित आगे आने वाले सन् 2060 तक की शोधपरक गणना इस लेख में दी है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि “पंचांगों की गणना सौर पद्धति और दृश्य पद्धति से सुप्रसिद्ध है”।

यह भी पढ़ें: देवशयनी एकादशी क्यों और कब मनाई जाती है ?

सौर पक्षीय पंचांगों के अनुसार मकर संक्रांति (Makar Sankranti 2024) 15 जनवरी 2024 सोमवार को सुबह अरकेगी और दृश्य पद्धति से निर्मित पंचांगों के अनुसार 14 जनवरी को मध्य रात्रि बाद भगवान भुवन भास्कर धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करेंगे। अतः मध्य रात्रि बाद मकर राशि में सूर्य संक्रमण होने से संक्रांति सम्बन्धित समस्त स्नान व दान-पुण्य 15 जनवरी सोमवार को सूर्योदय के बाद से मध्याह्न तक करना ही श्रेयस्कर है। इस दिन सूर्योदय से सोलह घटी बाद तक पुण्य काल रहेगा।

क्या होती है संक्रांति…

रवे: संक्रमणं राशौ संक्रांतिरिति कथ्यते….

भगवान भुवन भास्कर या किसी भी ग्रह का एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश ही “संक्रान्ति” कहलाता है। सरल शब्दों में राशि परिवर्तन का नाम संक्रान्ति है। सूर्य बुध शुक्र एक माह में, चन्द्रमा सवा दो दिन में, मंगल डेढ़ माह में, बृहस्पति तेरह महीने में, शनि अढ़ाई वर्ष में और राहु केतु डेढ़ वर्ष में राशि परिवर्तन करते हैं। सूर्य निरयन और सायन दो प्रकार से गतिशील रहते हैं। निरयन पद्धति से प्रायः 14 अप्रेल को प्रत्यक्ष कर्मसाक्षी सूर्य भगवान मीन राशि से मेष राशि में प्रवेश करते हैं। वही मेष संक्रान्ति कहलाती है। सूर्य एक माह में एक राशि को भोगते हैं। इस प्रकार सूर्य प्रति माह एक एक राशि को भोगते हुए प्रायः 14 जनवरी को धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते रहे हैं।

कुछ विद्वान् कह रहे हैं कि अब से आने वाले सत्तर – अस्सी साल तक मकर संक्रांति (Makar Sankranti) 15 जनवरी को ही आएगी। सम्भवतः ज्योतिष उन पण्डितमानियों का विषय नहीं है। ऐसे मूर्खतापूर्ण प्रलापों से सनातन मान्यताओं पर आक्षेप लगते हैं और ब्राह्मण उपहास के पात्र बनते हैं।

सौर पद्धति से दो साल बाद दो वर्ष तक और दृश्य पद्धति से तीन साल बाद चौथे वर्ष तो निश्चित ही 15 जनवरी की मकर संक्रांति (Makar Sankranti) आएगी। परन्तु लगातार 15 जनवरी को मकर संक्रांति अभी नहीं आएगी। सौर और दृश्य दोनों पक्षों से आने वाले सन् 2060 में अवश्य मकर संक्रांति 15 जनवरी 2060 गुरुवार को सूर्योदय बाद अरकेगी।

इस वर्ष दृश्य गणितीय पंचांग से सूर्य 14 जनवरी रविवार को धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करेंगे परन्तु मध्य रात्रिकाल बाद में संक्रमण के कारण संक्रांति सम्बन्धित स्नान व दान-पुण्य करने का शास्त्रोक्त पुण्यकाल 15 जनवरी सोमवार को ही श्रेयस्कर और शास्त्रीय रहेगा।

यह भी पढ़ें: हमारे जीवन में वृक्षों का महत्व | Importance of trees in our…

सूर्यास्त के बाद, प्रदोषकाल बाद या मध्य रात्रि बाद सूर्य उत्तरायण मकर राशि में प्रवेश करें तो अगले दिन पुण्यकाल कहा गया है।

यथा-

*यद्यस्ते वा प्रदोषे वा निशीथे मकरं गते।
भास्करे तूत्तरदिनं पुण्यमित्याह माधव:।*

और भी कहा है –
*प्रदोषे वार्द्धरात्रे वा तथा भोग: परेऽहनि।*

और भी कहा है –
*प्रदोषे वार्द्धरात्रे वा तथा पुण्यं दिनान्तरम्।*

और भी कहा है-
*भविष्यत्ययने पुण्यमतीते चोत्तरायणे*

सभी संक्रान्तियों के लिए भी कहा है –

*मध्ये दानं विषुवति दक्षिणे वैष्णवे पुरा।
*षडशीतिमुखेऽतीते व्यतीते चोत्तरायणे।
*इत्येष निर्णयो दाने संक्रान्तौ हवनेषु च।।*

और भी कहा है –
*मकरे त्रिंशदुत्तरा:।*

और भी-
*अतीते उत्तरे नाड्य इति प्राह: पुराविद:।*

भारत वर्ष के विद्वत् समाज में विशेष रूप से दृश्य और सौर गणितीय पञ्चांगों की ही मान्यता है। सूर्य संक्रांति के सन्दर्भ में दोनों सैद्धांतों की गणना में लगभग 15 घटी अर्थात् छह घण्टे का अन्तर रहता है। इस अन्तर का मूल आधार भगणादि से आगत भिन्न भिन्न वर्षमान हैं।

प्रत्येक राशि में दृश्य गणनानुसार सूर्य संक्रमण सौर गणना से लगभग 15 घटी पहले होता है और अनन्त काल तक पहले ही होता रहेगा।

इस वर्ष सभी दृश्य गणितीय पंचांगों के अनुसार भगवान श्री सूर्यनारायण धनु राशि से मकर राशि में 14 जनवरी को मध्य रात्रि बाद प्रवेश करेंगे। अतः 15 जनवरी सोमवार को मकर संक्रांति (Makar Sankrati) मनाई जाएगी।

राशि प्रवेशकाल ही संक्रमण का मुख्यकाल कहलाता है। इस मुख्यकाल के सूक्ष्मतर होने के कारण शास्त्रकारों ने इससे पूर्वापर तीस बत्तीस तैंतीस या चालिस घटियां पुण्यादिक हेतु गौणकाल के रूप में स्वीकार की हैं।

मकर संक्रांति के मुख्य संक्रमण काल के साथ ही खर मास अर्थात् मल मास समाप्त हो जाता है और विवाहादि शुभकार्य प्रारम्भ हो जाते हैं।

बृहस्पति की धनु व मीन राशि में सूर्य के आने पर वर्ष में दो बार मल अर्थात् खर मास आता है जो शुभ कार्यों में त्याज्य है।

यह भी पढ़ें: अक्षय तृतीया – अनंत शुभता की शुरुआत – कब, क्यों, कैसे ?

इसी प्रकार प्रति बारह वर्ष बाद सूर्य की सिंह राशि में बृहस्पति के प्रवेश करने पर स्थान विशेष पर सिंहस्थ सूर्य को शुभकार्यों में वर्जित कहा है।

विशेष रूप से संक्रमण का गौण काल मुख्य संक्रमण काल से सोलह घटी पूर्व और सोलह घटी पश्चात अर्थात् छह घंटे चौबीस मिनट पहले और छह घंटे चौबीस मिनट बाद तक माना जाता है। यही गौण काल सामान्यत: मेषादिक सभी संक्रान्तियों के पुण्यकाल के रूप में स्वीकार्य है।

ब्रह्मसिद्धान्तकार ने साढ़े सोलह-साढ़े सोलह कुल तैंतीस घंटियों का गौण पुण्यकाल कहा है।

सौरपक्षीय पंचांगों के अनुसार इस वर्ष 15 जनवरी को सूर्योदय बाद मकर संक्रमण हो रहा है अतः स्नान पुण्यादिक कर्मों के लिए मुख्य काल एवं गौण काल दोनों ही 15 जनवरी सोमवार को अभिहित हैं।

शास्त्रों की मान्यता है कि उत्तरायण मकर राशि का संक्रमण यदि सूर्यास्त के बाद होता है तो अगले आधे दिन तक अर्थात् स्थान विशेष के दिनमान के मध्य तक संक्रांति का पुण्य काल रहेगा। यहां सोलह घटी के पुण्यकाल की व्यवस्था नहीं रहेगी क्योंकि यहां दिनार्ध मुख्य पक्ष है।-

*रात्रौ संक्रमणे पुण्यं दिनार्द्धं स्नान-दानयो:।।*

इसी प्रकार दक्षिणायन कर्क राशी का संक्रमण यदि सूर्यास्त के बाद होता है तो उसी दिन मध्याह्न से सूर्यास्त तक संक्रांति का पुण्य काल रहेगा। कर्क संक्रमण में मकर संक्रांति से विपरीत पक्ष है।

बाबा विश्वनाथ की महानगरी

भारतवर्ष की आध्यात्मिक राजधानी काशी जी के साथ विश्व के अनेक पंचांग सौरपक्षीय हैं और वहां मकर संक्रांति सोमवार को सूर्योदय बाद अरकने से मकर संक्रांति का स्नानादिक पुण्यकाल 15 जनवरी सोमवार को ही शास्त्रीय कहा जाएगा।

मान्यता प्राप्त दोनों पक्षों के वर्षमान-

दृग्पक्षीय वर्षमान 365 दिन 15 घटी 22 पल 57 विपल का माना जाता है

और सौरपक्षीय वर्षमान 365 दिन 15 घटी 31 पल 30 विपल का माना जाता है।

जो स्थूल हैं कालान्तर में इनका विशेष अन्तर प्रतिभासित होता रहता है।

*वैसे ज्योतिष में जितने भी सिद्धान्त ग्रन्थ हैं उनमें अधिकतम का अपना-अपना वर्षमान है। जब वर्षमान भिन्न हैं तो उनकी मान्यता वाले एक ही अक्षांश रेखांश के पंचांगों के तिथ्यादिमानों में अन्तर स्वाभाविक है।*

कुछ पंचांगों ने संक्रान्ति का पुण्यकाल 14 व 15 दोनों दिन का लगाया है। धर्म प्राण समाज में विभ्रम पैदा होता है संक्रान्ति का पुण्य काल 14 को माने या 15 को ? यह वैमत्य बढ़ता ही जा रहा है।

इस वैमत्य को समझने के लिए पहले हमें दृश्य वर्षमान 1/15/22/57 और सौर वर्षमान 1/15/31/30 को समझना होगा। और जब तक इनका अन्तर समझ में नहीं आएगा यह वैमत्य चलता ही रहेगा।

*वैसे सूर्यसिद्धान्त को ज्योतिष का परम वेद कहा गया है अतः उसके वचन कम से कम धार्मिक निर्णयों में तो हमारे लिए परम पथप्रदर्शक होने ही चाहिएं।*

*सौरेण कुर्याद् व्रतयज्ञदीक्षाम्…*

और भी-

*देवकार्याणि सौरत: …*

और भी-

*व्रतानामेव सर्वेषां सौरेणैव विनिर्णय:।*

मकर संक्रांति के दिन विशेष स्नान, तीर्थ स्नान, पितृतर्पण, श्राद्ध, हवन, देव पूजा आदि करने का विधान है। इस दिन तुलादान, तिल, तैल से बने पदार्थ, ऊनी व सूती वस्त्र, कम्बल, खिचड़ी, भोजन, घी, लवण, पंचरत्न, भूमि, गाय, गायों के लिए चारा-पानी, गुड़, पंचगव्य आदि का दान करना चाहिए। लकड़ी और अग्नि-बिजली संबंधित दान भी उत्तम कहे हैं।

समर्थ हों तो सद्पात्र को दशविध महादान भी करने चाहिए‌ं। रात्रि में दान पुण्य वर्जित कहा गया है।-

*रात्रौ स्नानं न कूर्वीत दानं चैव विशेषतः।
*नैमित्तिकस्तु कुर्वीत स्नानं दानं च रात्रिषु।।*

और भी कहा है-
*विवाह व्रत संक्रान्ति प्रतिष्ठा ऋतु जन्मसु।
*तथोपराग पातादौ स्नाने दाने निशा शुभा।।*

सूर्य के समान अन्य ग्रहों का एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश भी संक्रांति कहलाता है। मेषादि द्वादश राशियों में प्रवेश के कारण सभी ग्रहों की 12-12 संक्रांतियां होती हैं।

*द्वादशैव समाख्याता: समा: संक्रान्तिकल्पना:।* (कल्पना: = भेदा:)

सूर्यादि ग्रहों के राशि संक्रमण काल से पूर्वापर की कुछ घटिकाएं शुभकार्यों में वर्जित कही गई हैं। और यही घटियां दान-पुण्य के लिए विशेष पुण्यदाई मानी गयी हैं। मु.चि.वि.प्र-

*देवद्वयंकर्तवोष्टाष्टौ नाड्याऽंका: खनृपा: क्रमात्।
*वर्ज्या: सङ्क्रमणेऽर्कादे: प्रायोऽर्कस्यातिनिन्दिता:।।*

*अतिनिन्दितानाड्योऽतिपुण्यदा:।*

जबकि महर्षि जैमिनि ने कुछ भेद कहा है-

*नाड्यश्चतस्र: सपला: कुजस्य*
*बुधस्य तिस्रोमनव: पलानि*

मु.चि. के अनुसार सूर्य-३३, चन्द्रमा-२, मंगल-९, बुध-६, बृहस्पति-८८, शुक्र-९ और शनि-१६० की घटियां विवाहादि शुभ कार्यों में वर्जित हैं यही घटियां संक्रान्ति का पुण्य काल कही गई हैं।

संक्रांतियों की विशेष संज्ञा-

मेष तुला (चरस्वभाव) राशियों की संक्रांति *विषुव संज्ञक।*

वृष सिंह वृश्चिक कुम्भ (स्थिरस्वभाव) राशियों की संक्रांति *विष्णुपद संज्ञक।*

मिथुन कन्या धनु मीन (द्विस्वभाव) राशियों की संक्रांति *षडशीतिमुख संज्ञक।*

कर्क और मकर (चरस्वभाव) राशियों की संक्रांति *अयन संज्ञक कही गयी हैं।*

जिनमें *कर्क संक्रांति दक्षिणायन संज्ञक* और *मकर संक्रांति उत्तरायण संज्ञक है।*

इस बार निरयन मकर संक्रांति 15 जनवरी को ही है। चौदह जनवरी की रात्रि से भगवान भुवन भास्कर उत्तरायण गामी हो रहे हैं। सायन मकरार्क प्रायः 21 दिसम्बर को होते हैं।

*यह उत्तरायण मकर संक्रांति पर्व सूर्य उपासना का महापर्व है।*

भारत वर्ष के भौगोलिक स्वरूप के लिए मकर संक्रांति (Makar Sankranti) का पर्व महापर्व इसलिए भी है कि इस दिन से सूर्य दक्षिण दिशा से हमारी ओर उत्तर दिशा में आगमन की शुरुआत करते हैं। इसी दिन से देवताओं के दिन की शुरुआत भी होती है। छह माह का उत्तरायण देवताओं का एक दिन और छह माह का दक्षिणायन देवताओं की रात्रि कहे गये हैं।

*मकर संक्रांति पर्व सूर्य के विशेष आदर-सत्कार अगवानी और उपासना का महापर्व कहा जाता है।*

अब से ठीक छह माह बाद 16 जुलाई को सूर्य निरयन कर्क राशि में प्रवेश करते हैं तो दक्षिणायन प्रारम्भ हो जाता है। सूर्य दक्षिण गामी होंगे और देव सो जाएंगे। सायन पद्धति से 21 जून को दक्षिणायन होता है।

सभी संक्रांतियों के पुण्य काल का विशेष महत्व है। संक्रमण का मुख्य काल अतिसूक्ष्म होने से अत्यल्प होता है अतः मनुष्य मात्र के लिए मुख्य संक्रमण काल में स्नान दान सम्भव नहीं है। इसलिए गौणकाल में ही पुण्य काल श्रेयस्कर कहा है। यथा-

*संक्रांतिसमय: सूक्ष्मो दुर्ज्ञेय: पिशितेक्षणै:।* (पिशितेक्षणै: = मनुष्यै:)
अत: मुख्यकालानुपलब्धौ गौणकालेऽपि कार्यम्।।*

संक्रांति के दिन स्नान और दान का ही विशेष महत्व है। स्नान कर सूर्य नमस्कार करने से शरीर अरोगता को प्राप्त होता है। स्वस्थ और यशस्वी जीवन चाहने वालों को नित्य प्रति स्नान ध्यान कर सूर्य की सविता शक्ति गायत्री का प्रणमन करना चाहिए। गायत्री आराधना ही सच्ची सूर्य आराधना है।

संक्रांति के दिन स्नान का महत्व देखिए-

*रविसंक्रमणे पुण्ये न स्नायाद्यदि मानव:।
*सप्तजन्मसु रोगी स्याद्दु:खभागी हि जायते।।*

दान-पुण्य का महत्व देखिए-

*संक्रान्तौ यानि दत्तानि हव्यकव्यानि दातृभि:।
*तानि नित्यं ददात्यर्क: पुनर्जन्मनि जन्मनि।‌।*

बारह संक्रान्तियों की संज्ञा-

*षडशीत्याननं चापनृयुक्कन्याझषे भवेत्।
*तुलाजौ विषुवं विष्णुपदं सिंहालिगोघटे।।*

सम्पूर्ण काल चक्र सूर्यापेक्षी है।

*सौरमास- ऋतु अयन वर्ष कुम्भपर्व मकरादिपर्व विवाह उपनयनादि संस्कार विशेष स्नानदानादि सभी शास्त्रकारों ने सूर्य संक्रांति से सम्बद्ध माने हैं । मेषादि सभी सूर्य संक्रांतियों में स्नान दान पुण्य आदि के काल का शास्त्रकारों ने विशद् विवेचन भी किया है। साथ ही संक्रान्तिकाल में शुभ कार्यों हेतु विशेष वर्जना भी कही है।*

यह भी पढ़ें: वट सावित्री व्रत का महत्व | यह क्यों और कब मनाया जाता…

सूर्य से इतर ग्रहों की संक्रांति को साधारण माना है और सूर्य संक्रांति काल को अति निन्दित कहा है अतः गौण पुण्यकाल में तीर्थस्नान दानादिक करके समय को अनुकूल बनाना चाहिए।

मध्यम और स्पष्ट सूर्य के आधार पर संक्रांतियों के सायन और निरयन दो प्रकार विहित हैं। अयनांश युक्त स्पष्ट सूर्य की संक्रांति को सायन दृश्य या चल सूर्य संक्रांति कहा गया है। सूर्य संक्रांति में स्पष्ट सूर्य ही ग्रहण करते हैं मध्यम नहीं।

*धर्म दर्शन और ज्योतिष शास्त्रकारों ने अयनांश रहित निरयन सूर्य संक्रांति को ही शास्त्रीय मान कर तदनुसार शुभाशुभ फल कहे हैं।*

इस बार निरयन मकर संक्रमण शतभिषा नक्षत्र पर हो रहा है जिनका जन्म नक्षत्र शतभिषा है या जिनका प्रसिद्ध नाम गो गौ श शा शि शी शी शू स सा सि सी सु सू अक्षरों पर है उन्हें एक सौर मास तक रोग दोष क्लेश भय धनहानि के योग हैं।

जहां भी मकर संक्रांति (Makar Sankranti) के दिन वर्षा होती है उस क्षेत्र में अग्निभय रोगभय विस्फोट लूटपाट एवं वृष्टि से पीड़ा बढ़ती है।

निरयन सूर्य संक्रांति के साथ सायन सूर्य संक्रांति का भी अपना महत्व है।-

*स्नानदानजपश्राद्धव्रतहोमादिकर्मसु।
*सुकृतं चलसंक्रान्तावक्षयं पुरुषोऽश्नुते।।*

और भी-
*सायनांशसंक्रान्ते: स्नानदानजपादावेव कार्यं न सर्वत्र।*

परन्तु विद्वानों ने निरयन संक्रांति को ही पुण्यदा कहा है-

*पुण्यदां राशि संक्रान्तिं …*

ऐसे शास्त्रीय वचन भी मिलते हैं कि मध्य रात्रि से पहले संक्रांति अरकती है तो पूर्व दिन में और मध्य रात्रि बाद सूर्य संक्रांति अरकती है तो अगले दिन दान-पुण्य का महत्व है। निशीथ अर्थात् मध्य रात्रि को संक्रांति अरकती है तो दोनों दिन ही संक्रांति निमित्त दान पुण्य शास्त्रों में विहित है।

संक्रांति वास-

*संक्रान्ति वास नूतन वर्ष (संवत्सर) के लिए कहा गया है न कि मासिक मकर संक्रांति (Makar Sankranti) आदि के लिए। मेष संक्रान्ति के दिन से ही संक्रांति वास माना जाता है। संक्रांति वास का मूल आधार रोहिणी वास है। वास चार जातियों के घरों में ही कहा गया है।*

आने वाले वर्ष में वृष्टि ज्ञान के लिए प्रायः 14 अप्रैल को होने वाली मेष संक्रांति के नक्षत्र से “रोहिणी वास” देखा जाता है।

रोहिणी वास समुद्र में हो तो माली के घर संक्रांति का वास कहा है- उस वर्ष महावृष्टि योग बनते हैं।

समुद्र के तट पर रोहिणी वास हो तो संक्रांति का वास रजक-धोबी के घर कहा है- उस वर्ष सुशोभना वृष्टि कही गई है।

समुद्र और पृथ्वी की संधि में रोहिणी वास हो तो संक्रांति का वास वैश्य के घर में कहा है- उस वर्ष खंडवृष्टि कही गई है।

पर्वत पर रोहिणी वास हो तो संक्रांति का वास कुम्हार के घर कहा गया है- तो उस वर्ष अल्पवृष्टि कही गई है।

मेष संक्रांति जिस नक्षत्र पर अरकती हैं उस नक्षत्र से अगले नक्षत्र को दूसरा मानते हुए रोहिणी नक्षत्र तक की गणना कर लें। उससे रोहिणी वास चार स्थानों में से एक पर होता है उसे ही विद्वान् पूरे वर्ष का संक्रांति वास कहते हैं।

मकर संक्रांति पर नये पंचांग आते हैं तो गांवों में संक्रांति का वास पूछते हैं। विज्ञजन पंचांग के पहले दूसरे पन्ने पर लिखे अनुसार बता देते हैं।

*संक्रांति 15 मुहूर्त 30 मुहूर्त या 45 मुहूर्त की कही जाती है जो संक्रमण नक्षत्र के अनुसार सुनिश्चित है। तदनुसार ही वास और मुहूर्तों का शुभाशुभ फल शास्त्रों में कहा गया है।*

विद्वज्जनों से विनम्र अनुरोध है आप जिस भी सिद्धान्त को मानते हैं तदनुसार ही माघ और संक्रांति के निमित्त स्नानादि निष्पादित करें।

चिन्तनीय है कि हम चौदह जनवरी को ही मकर संक्रांति आती है यह मानकर निर्णय नहीं करें। ऐसा सर्वदा नहीं होता है।

*मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि निम्न वर्षों में सौर-दृश्य या अन्य किसी भी सिद्धांत से मकर संक्रांति 15 जनवरी को ही होगी -*

ईस्वी सन 2024, 2028, 2032, 2036, 2040, 2044, 2048, 2052, 2056, 2060 …..

*और निम्न वर्षों में भी सभी सिद्धान्तों से मकर संक्रांति (Makar Sankranti) का पुण्यकाल 15 जनवरी को ही शास्त्र सम्मत है।*

ईस्वी सन 2027, 2031, 2035, 2039, 2043, 2047, 2051, 2055, 2059 ….

परन्तु विद्वानों के निर्णय में विसंगति रहेगी।

*सैद्धांतिक रूप से कहना चाहूंगा कि सन् 2060 में दृश्य पंचांगों के अनुसार मकर संक्रांति (Makar Sankranti) 15 जनवरी को 2 घटी 4 पल पर और सौर मकर संक्रान्ति 17 घटी 20 पल के लगभग अरकेगी। अर्थात् दोनों पद्धतियों से निर्मित पंचांग स्पष्ट रूप से 15 जनवरी 2060 को ही मकर संक्रांति (Makar Sankranti) मनाने के आदेश देंगे।*

शीतकाल में सर्वहिताय अग्नि जलाकर सबकी रक्षा करने से स्वर्ग में अप्सराएं मिलती हैं ऐसा वचन नरसिंह पुराण में मिलता है –

*शीतकाले महावह्निं प्रज्वालयति तो नर:।
*सर्वसत्वहितार्थाय स्वर्गे चाप्सरसं लभेत्।।*

विशेष अनुरोध-

*खेद का विषय है कि आज ग्रेगोरियन कलैंडर सांसारिक मान्यता प्राप्त वर्षमानक बन चुका है। यह हमारे सूर्य की गति के आधार पर बने सौरवर्ष की ही प्रतिकृति है। और हमने हमारी सौर पद्धति को शास्त्रों तक ही सीमित रखा सार्वजनिक नहीं किया।*

*हमारा वैदिक ज्योतिषीय वर्षमान 1/15/31/30 (तीन सो पैंसठ सही एक बटा चार से कुछ अधिक समय) यही तो संदेश देता है कि 14 अप्रेल से मेषार्क मास से नया वर्ष प्रारम्भ होता है और इसका दशवां महिना मकरार्क 14 जनवरी को ही आता है। लीप ईयर की भांति हमारे भी अधिकमास और क्षयमास की व्यवस्था दी हुई है।*

*सर्वानन्दप्रदाता हरिहरनमित: पातु नो विश्वचक्षु:।*